झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 30 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजधानी रांची की कई प्रमुख सड़कें, निचले इलाके और मोहल्ले पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। सड़कें तालाब बन गई हैं, जिससे गाड़ियों का चलना मुश्किल हो गया है। राजधानी रांची की सड़कों पर इस कदर जलजमाव हुआ है कि मानो गाड़ियां सड़कों पर नहीं, बल्कि तालाब में चल रही हों। सोमवार शाम को कांटाटोली फ्लाईओवर के नीचे कांटाटोली-बहू बाजार के बीच की मुख्य सड़क भारी बारिश के कारण पूरी तरह जलमग्न हो गई। स्थिति यह थी कि सड़क किनारे के गड्ढे पानी से भर गए और इसी दौरान वहां से गुजर रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार सीधे गड्ढे में जा घुसी।
सौभाग्य से, स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, नहीं तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। स्कॉर्पियो कार के पानी से भरे गड्ढे में फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित 15 से अधिक जिलों के लिए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश के दौरान वज्रपात को लेकर विभाग ने आम लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है। रविवार देर शाम राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के हेसलपिरी गांव में बारिश के दौरान बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बाल गोविंद महतो और उदयनाथ महतो के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब दोनों मृतक अपने जानवरों को लेकर घर लौट रहे थे।