दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) का 9वां दीक्षांत समारोह सोमवार को दुमका के कन्वेंशन सेंटर में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में झारखंड के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, श्री संतोष कुमार गंगवार ने मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और उपाधि से सम्मानित किया।

समारोह में कुल 78 प्रतिभाशाली छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही, 37 पीएचडी शोधार्थियों को उनकी महत्वपूर्ण शोध के लिए उपाधि से नवाजा गया। इस बार की खास बात यह रही कि पारंपरिक रूप से 33697 छात्रों को विभिन्न परीक्षाओं में सफलता के लिए इन-एबसेंशिया डिग्री प्रदान की गई, जो एक बड़ी संख्या है।
इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ स्नातक (बेस्ट ग्रेजुएट) का पुरस्कार तृप्ति शोभा मरांडी को मिला। वे सेंट जेवियर्स कॉलेज, महारो के गणित विभाग की छात्रा (यूजी सत्र 2021-24) हैं और उन्होंने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर यह सम्मान हासिल किया है। समारोह में पारंपरिक भारतीय परिधानों में सजे-धजे छात्र-छात्राओं ने एक अनूठा सांस्कृतिक रंग बिखेरा, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।






