पूर्वी सिंहभूम: टाटा स्टील वर्क्स परिसर में आज एक बड़ी चोरी की घटना को सफलतापूर्वक टाला गया। कंपनी के सतर्क सुरक्षा विभाग ने अपनी त्वरित कार्रवाई से चार युवकों को रंगे हाथों पकड़ा, जो तांबे के केबल चोरी करने की फिराक में थे। सुरक्षाकर्मियों ने इन युवकों को पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात करीब एक बजे की है। गश्त पर निकले कंपनी के सुरक्षा प्रहरियों ने टाटा स्टील वर्क्स के भीतर चार संदिग्ध युवकों को भारी बोरी में तांबे के केबल ले जाते हुए देखा। शक होने पर, सुरक्षा टीम ने फौरन इलाके को घेर लिया। युवकों को भागने का मौका नहीं मिला और उन्हें केबल से भरी बोरियों के साथ दबोच लिया गया। बरामद तांबे के केबल का कुल वजन लगभग 690 किलोग्राम है, जिसकी बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 97 हजार रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. ताहिर (26), मो. शमशाद (25), मो. शहबाज़ उर्फ़ मुन्ना (24) और मो. शहबाज़ (26) के रूप में हुई है। ये सभी युवक गरीब नवाज़ कॉलोनी और गौशनगर, मानगो क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग ने बताया कि जैसे ही उन्हें युवकों पर संदेह हुआ, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों को केबल के साथ पकड़ा। सुरक्षा विभाग की इस तत्परता और सक्रियता के कारण वर्क्स परिसर में एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही रोका जा सका। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपनी हिरासत में ले लिया।






