रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री, स्वर्गीय रामदास सोरेन को विधानसभा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनका निधन शुक्रवार की रात दिल्ली में हुआ, जिसके बाद शनिवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से रांची लाया गया। हवाई अड्डे से उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाया गया, जहां विधानसभा सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने इस अवसर पर कहा कि रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका असमय जाना हम सभी को स्तब्ध करता है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं इस कठिन समय में ईश्वर से उनके चाहने वालों को शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ।
विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन की दुखद खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ। उनका निधन राज्य की राजनीति और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
स्वर्गीय रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने वालों में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्णा किशोर, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, मुख्य सचिव अलका तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी शामिल थे।