रांची में ‘सरदार @ 150 यूनिटी मार्च, एक भारत आत्म निर्भर भारत अभियान’ का शुभारंभ हो गया है। इस राष्ट्रव्यापी जन अभियान का उद्देश्य भारत के लौह पुरुष, राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ को यादगार बनाना है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा सरदार पटेल के एकीकृत भारत के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन से जोड़ती है।
साहू ने बताया कि यह अभियान जनभागीदारी को बढ़ावा देगा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा। सरदार पटेल के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज प्रधानमंत्री मोदी उनके आदर्शों पर चलते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के साथ-साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में अग्रसर हैं।
झारखंड में यह पदयात्रा 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सभी जिलों में आयोजित की जाएगी। यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन अभियान है, जिसमें हजारों लोग तिरंगा लेकर शामिल होंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन दिनों तक प्रतिदिन 10 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। इसके साथ ही, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति, योग शिविर, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं जैसे सामाजिक कल्याण के कार्यक्रम भी होंगे।
सांसदगण इस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें ‘माई भारत’, नेहरू युवा केंद्र और एनएसएस जैसे संगठन सहयोग करेंगे। यात्रा के पड़ावों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साहू ने राज्य की जनता, विशेषकर युवाओं से इस पदयात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम युवाओं को नई प्रेरणा देगा।
राष्ट्रीय स्तर पर, यात्रा के चार प्रमुख प्रवाह होंगे: दिल्ली से गंगा प्रवाह, जयपुर से यमुना प्रवाह, नागपुर से नर्मदा प्रवाह और मुंबई से गोदावरी प्रवाह। सभी प्रवाह आनंद में मिलेंगे और अंततः केवड़िया (एकतानगर) में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर संपन्न होंगे। झारखंड के हर जिले से 5-5 चयनित लोग इस राष्ट्रीय यात्रा का हिस्सा बनेंगे।