झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की जीभ काट लेने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद में एक महिला ने युवक की जीभ काट ली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित युवक की पत्नी ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में दो नामजद और अन्य लोगों का नाम शामिल है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता महिला जेलेनुर बीवी ने बताया कि उनके पति लालटू शेख की जीभ काट ली गई है। उन्होंने कलावती मुर्मू, उसके पति और अन्य लोगों पर उनके पति के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुर्मू को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित लालटू शेख मंगलवार रात गनपुरा चौक घूमने गए थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। देर रात वह खून से लथपथ हालत में घर पहुंचे और इशारों में बताया कि कलावती मुर्मू और अन्य लोगों ने उनकी जीभ काट ली है।
ग्रामीणों के अनुसार, लालटू शेख शराब पीने के आदी थे। संभावना है कि वह शराब के लिए ही कलावती मुर्मू के घर गए थे, जहां पैसे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।