कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। उच्च न्यायालय ने कोलार जिले की मालूर विधानसभा सीट पर फिर से वोटों की गिनती का आदेश दिया है। 2023 के चुनाव में कांग्रेस के केवाई नानजे गौड़ा ने जीत हासिल की थी, जिन्होंने बीजेपी के मंजूनाथ गौड़ा को हराया था। कांग्रेस उम्मीदवार ने केवल 248 वोटों से जीत दर्ज की थी। मंजूनाथ गौड़ा ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी थी।
मंजूनाथ गौड़ा ने अपनी याचिका में मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और उनके चुनाव अधिकारियों की टीम ने चुनाव संचालन नियम, 1961 के नियम 66ए का उल्लंघन करते हुए ईवीएम खोले जाने से पहले ही उनके मतगणना एजेंटों के हस्ताक्षर ले लिए थे। मंजूनाथ ने अदालत से चुनाव से जुड़े सभी दस्तावेज, वीडियो और अन्य सामग्री पेश करने की मांग की थी, साथ ही मतों की पुनर्गणना की भी मांग की थी।
हालांकि, उच्च न्यायालय ने कहा कि अगर जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी प्रस्तुत की होती, तो इन आरोपों की आसानी से पुष्टि की जा सकती थी, क्योंकि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य है। अदालत ने नानजे गौड़ा की याचिका पर अपने आदेश को 30 दिनों के लिए रोक दिया ताकि वह सर्वोच्च न्यायालय जा सकें।
मालूर कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों में से एक है और यह कोलार जिले में स्थित है। यहां 46,451 अनुसूचित जाति (एससी) और 17,264 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के मतदाता हैं। मालूर में अब तक हुए चुनावों में बीजेपी, जेडीएस और कांग्रेस ने जीत हासिल की है। 2008 के चुनाव में बीजेपी के कृष्णैया शेट्टी ने जीत हासिल की थी। 2013 में जेडीएस के मंजूनाथ गौड़ा और 2018 में कांग्रेस के नानजे गौड़ा ने जीत हासिल की थी। 2023 में भी नानजे गौड़ा को जीत मिली थी, लेकिन अब कोर्ट के फैसले के बाद फिर से वोटों की गिनती होगी।
2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 65.83% था, जबकि जेडीएस का 21.77% था। कांग्रेस का वोट शेयर सबसे कम 7.99% था। 2013 में कांग्रेस का वोट शेयर 14.09% और जेडीएस का 40.28% था। 2018 में कांग्रेस का 46.9%, बीजेपी का 14.81% और जेडीएस का 35.8% रहा। 2023 में कांग्रेस का 29.4%, बीजेपी का 29.3% और जेडीएस का 10.2% रहा।
2023 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को 50,955 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी को 50,707 वोट मिले। निर्दलीय विजयकुमार हुडी को 49,362 वोट मिले थे।