पंजाब में बाढ़ और भारी बारिश के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। इस संकट को देखते हुए, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और विशेष रूप से केंद्र सरकार से पंजाब की मदद करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आप के सभी सांसद और विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान कर रहे हैं। पंजाब सरकार के मंत्री और विधायक समेत आप के सभी कार्यकर्ता दिन-रात जमीन पर राहत कार्यों में जुटे हैं।
एक वीडियो संदेश में, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं है, बल्कि भारत की एक मजबूत ढाल है। इतिहास गवाह है कि जब भी कोई विदेशी हमलावर हमारे देश की ओर बढ़ा, तो पंजाब ने सबसे पहले उसका सामना किया। भारत में जितने भी हमले हुए, पंजाब ने अपनी छाती पर उन्हें झेला और पूरे भारत की रक्षा की।
उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा मुश्किल घड़ी में सबसे आगे रहा है। यह वही पंजाब है जिसने आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा बलिदान दिया, सीमाओं की रक्षा के लिए अनगिनत शहादतें दीं। आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा फांसी पंजाबियों को हुई, और पंजाबी सबसे अधिक काला पानी गए। इस मिट्टी के कण-कण में मर-मिटने का जज्बा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा भारत मां की रक्षा के लिए बलिदान दिया है ताकि बाकी देश सुरक्षित रह सके। पंजाब पांच नदियों की वह पवित्र भूमि है, जिसके पानी से न केवल फसलें, बल्कि ज्ञान और वीरता की गाथाएं भी सिंची गई हैं। यह वह भूमि है जहां वेदों की ऋचाएं गूंजीं, जहां गुरुओं की पवित्र वाणी ने रास्ता दिखाया।
जब भारत में अनाज की कमी थी और यह डर था कि बढ़ती हुई आबादी का पेट कैसे भरेगा, तब पंजाब ने हरित क्रांति के दौरान अपनी धरती में बीज और खाद डालकर पूरे देश के लिए अनाज पैदा किया। पंजाब पूरे देश का पेट भरता है। पूरे देश के लोगों की भूख मिटाने की जिम्मेदारी पंजाब ने उठाई है। आज वही पंजाब मुसीबत में है।
केजरीवाल ने कहा कि आज कुदरत ने पंजाब पर ऐसा कहर बरपाया है कि पंजाब बाढ़ की चपेट में आ गया है। पंजाब के खेतों में बेहिसाब पानी भरा है। पंजाब के लोग बेघर और बेरोजगार हो गए हैं। हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। इस आपदा की घड़ी में आज हर पंजाबी एक-दूसरे की मदद कर रहा है। इंसानियत की यह मिसाल केवल पंजाब में ही संभव है।
उन्होंने कहा कि यह इंसानियत की वह मिसाल है जो दुनिया को रास्ता दिखाती है। आज पंजाब जिस आपदा का सामना कर रहा है, वह कोई आम बाढ़ नहीं है, बल्कि 37 साल बाद पंजाब ने ऐसी भयानक तबाही देखी है। एक हजार से अधिक गांव पानी में डूबे हैं, ढाई लाख से अधिक हमारे भाई-बहन एक झटके में बेघर हो गए हैं। उनकी पूरी जिंदगी की कमाई और सपने पानी में डूब गए हैं।
केजरीवाल ने सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और विशेष रूप से केंद्र सरकार से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सब राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत का धर्म निभाएं। आइए, हम मिलकर दिल खोलकर पंजाब की मदद करें। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि जिस पंजाब ने हमेशा देश पर आने वाली हर मुसीबत को अपने सीने पर लिया, जिस पंजाब ने देश के लोगों का पेट भरा, हम सब मिलकर उस पंजाब के लिए योगदान करें।
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस मुश्किल समय में हम सब लोग पंजाब के साथ डटकर खड़े होंगे। दिल्ली, गुजरात, कश्मीर, गोवा समेत देश में आम आदमी पार्टी के सभी सांसद और विधायक इस कठिन घड़ी में पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अपनी एक-एक महीने की तनख्वाह पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर रहे हैं। आज पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है। मैं वाहेगुरु जी से अरदास करता हूं कि पंजाब पर अपनी कृपा करें।
पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने देश भर के लोगों से पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में स्वेच्छा से दान करने की अपील की है। इसके लिए पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष का खाता संख्या भी जारी किया गया है।