कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 83 वर्षीय खरगे को तेज बुखार के कारण एमएस रमैया अस्पताल में ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है। पार्टी के एक नेता ने बताया कि उनकी हालत अभी स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
एक अन्य कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता को मंगलवार को बुखार और पैर में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था। वह ठीक हैं और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से खरगे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। हाल ही में, खरगे ने बिहार के पटना में हुई कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में भाग लिया था। बैठक में उन्होंने बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा था। मल्लिकार्जुन खरगे 2022 में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे और वह कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद हैं। राजनीति में आने से पहले वह एक वकील थे और उन्होंने एक कर्मचारी यूनियन लीडर के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की।