प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2025 में बोलते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था पर अपनी बात रखी। उन्होंने भारत में निर्मित पहले मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप की बड़ी घोषणा की, और कहा कि यह 2025 के अंत तक बाजार में आ जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब केवल ठहरे पानी में कंकड़ फेंकने वाला देश नहीं है, बल्कि बहती तेज धारा को मोड़ने की ताकत रखता है, और समय की दिशा भी तय कर सकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 11 वर्षों में हुए बदलावों से देश की प्रगति स्पष्ट है, और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने नए क्षेत्रों में आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही 100 देशों को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्यात करने वाला है। भारत की प्रगति का आधार रिसर्च और इनोवेशन है, और सरकार ने रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए नीतियां और प्लेटफॉर्म बनाए हैं।
कोविड-19 महामारी के बावजूद, भारत ने अपनी आर्थिक बुनियाद को मजबूत रखा है। राजकोषीय घाटा 4.4 प्रतिशत तक नीचे आने का अनुमान है। भारत मेड इन इंडिया 6जी पर भी तेजी से काम कर रहा है। भारत छोटे-मोटे बदलावों के बजाय क्वांटम जंप के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले 11 सालों में 60 से ज्यादा अंतरिक्ष मिशन पूरे किए हैं, और गगनयान मिशन की तैयारी चल रही है, जो भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजेगा।