पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उद्योगपतियों से बातचीत करते हुए कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और कई परिवारों को रोजगार प्रदान करते हैं। कई प्रमुख उद्योगपतियों ने राज्य में निवेश किया है और अपने व्यवसाय का विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मौजूद अपार संभावनाएं उन्हें निवेश के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की कुल भूमि का केवल 1.5 प्रतिशत होने के बावजूद, पंजाब देश के कुल जी.डी.पी. में 3 प्रतिशत का योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र भूमि महान गुरुओं, संतों और पैगंबरों की भूमि है और पंजाब की उपजाऊ धरती पर कुछ भी उग सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब वीडियो और फिल्मों की शूटिंग के लिए उपयुक्त माहौल प्रदान करता है और यह हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है, सरकार फिल्म सिटी की योजना बना रही है क्योंकि यहां फिल्म उद्योग के लिए बड़ी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में, खासकर पंजाब में मनोरंजन के बुनियादी ढांचे की कमी है, जिससे मनोरंजन उद्योग संघर्ष कर रहा है और अब राज्य सरकार इस ओर विशेष ध्यान दे रही है। अमृतसर में एक और क्रिकेट स्टेडियम बन रहा है जो खेल उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए वित्त से अधिक कार्य कर रही है और उद्योग के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। पंजाब में पांच पावर प्लांट हैं, जिनमें से सभी राज्य सरकार के हैं और बिजली उत्पादन के लिए कोयले के बड़े भंडार मौजूद हैं। पंजाब देश का अन्नदाता है, इसलिए यहां खाद्य उत्पादन उद्योग के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। राज्य तेजी से दुनिया भर में सबसे पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है। मार्च 2022 से पंजाब को 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 4.7 लाख से अधिक नौकरियों के सृजन की संभावना है।
भगवंत मान ने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि पंजाब कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का घर है, जो यहां अपने कार्यालय स्थापित कर राज्य की आर्थिक प्रगति में बड़ा योगदान दे रही हैं। जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यू ए ई, स्विट्जरलैंड, फ्रांस, स्पेन और अन्य देशों के निवेश से राज्य की वैश्विक पहुंच स्पष्ट होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पद संभालने के बाद उन्होंने एक निवेश-हितैषी माहौल तैयार किया है, जो व्यवसाय करने में सहजता को प्रोत्साहित करता है। पंजाब सरकार ने फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल की शुरुआत की है, जो भारत का सबसे उन्नत सिंगल-विंडो सिस्टम है और ऑफ़लाइन आवेदन की आवश्यकता समाप्त करके त्वरित अनुमतियों को सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब कुछ बड़े रेगुलेटरी सुधार पेश करने वाला पहला राज्य है, जिसमें समयबद्ध अनुमतियां और प्रमुख लाइसेंसों के लिए बढ़ी हुई वैधता शामिल है। सरकार और उद्योग के बीच भागीदारी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि इस नीति को उद्योग क्षेत्र के दिग्गजों और भागीदारों की सलाह-मशवरे के साथ तैयार किया गया है ताकि उद्योगों की आवश्यकताओं और इच्छाओं को पूरा किया जा सके। राज्य सरकार प्रत्येक उद्योगिक सेक्टर की आवश्यकताओं के अनुसार नीतियां तैयार करने के लिए उद्योग क्षेत्र के दिग्गजों की अध्यक्षता में 24 सेक्टोरल कमेटियां बनाई गई हैं। भगवंत सिंह मान ने उद्योगपतियों को प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के छठे संस्करण में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जो 13, 14 और 15 मार्च, 2026 को मोहाली, पंजाब में आयोजित किया जाएगा।