पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार शाम को एक 32 वर्षीय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब नवीन अरोड़ा नाम का दुकानदार अपनी दुकान से घर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. साधु चंद चौक के पास दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और नवीन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिनमें SSP भूपिंदर सिंह भी शामिल थे, ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। घायल नवीन अरोड़ा को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
फिरोजपुर SSP भूपिंदर सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। SSP ने कहा, “नवीन, जिसकी उम्र 30 से 40 साल के बीच थी, घर लौटते समय दो अज्ञात व्यक्तियों का शिकार हुआ। हम मामले की जांच कर रहे हैं और कई टीमें CCTV फुटेज की जांच कर रही हैं। 3-4 SHO और 2 DSP इस मामले पर काम कर रहे हैं। कानून के अनुसार दोषियों को सजा मिलेगी।”
फिरोजपुर (शहरी) के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने पीड़ित के परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
RSS स्वयंसेवक के बेटे की हत्या
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि मृतक नवीन अरोड़ा वरिष्ठ RSS स्वयंसेवक बलदेव राज अरोड़ा के बेटे थे। सूत्रों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि नवीन के पिता कई वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े हुए हैं। पूनावाला ने इस घटना को पंजाब में “कानून व्यवस्था का पूर्ण पतन” करार दिया।






