बिहार में महागठबंधन द्वारा निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा आज 12वें दिन सीतामढ़ी पहुंची। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव ने जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की। राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही मंदिर में दर्शन की इच्छा जताई थी, हालांकि सुरक्षा कारणों से पहले प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। बाद में रूट निर्धारित करने के बाद अनुमति मिली।
काफी मशक्कत के बाद राहुल और तेजस्वी का मां जानकी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम तय हो पाया। प्रशासन ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। प्रियंका गांधी भी मां जानकी मंदिर के दर्शन करना चाहती थीं, लेकिन रूट तय न हो पाने के कारण वे दिल्ली लौट गईं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आज सुबह दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावेरु ने कहा कि हम हर धर्म और भगवान को मानते हैं। हम नफरत नहीं फैलाते हैं। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, “माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे। हम यहां लोककल्याण की कामना करने आए हैं। देश और बिहार राज्य तरक्की करे।”
वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को सासाराम से हुई थी। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) के दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी और महागठबंधन के अन्य नेता शामिल हैं। बुधवार को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी पहुंची।