जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा के विधायक राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। माता-पिता के बीच जारी विवाद में अब उनके बेटों, शिवराज प्रताप सिंह और ब्रज प्रताप सिंह ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बेटों ने मां भानवी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बेटों ने कहा कि वे अब तक इस विवाद से दूर थे, लेकिन अब उन्हें सामने आना पड़ रहा है। शिवराज ने बताया कि माता-पिता 10 साल से अलग रह रहे हैं, हालांकि बच्चों की खातिर कुछ समय तक उन्होंने एक साथ रहने की कोशिश की थी, लेकिन रिश्ते सामान्य नहीं थे। उन्होंने कहा कि भानवी सिंह ने संपत्ति और रुपयों के लिए राजा भैया को बदनाम करने की कोशिश की, और सुलह की कोशिशों को भी ठुकरा दिया।
बेटों ने अपनी मां पर बदले की भावना से काम करने और राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर झूठी बातें फैलाकर राजा भैया की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। बेटों ने संपत्ति को लेकर भी अपनी बात रखी और बताया कि उनकी मां के पास राजा भैया से अधिक संपत्ति है।
बेटे बृजराज ने भी अपनी मां पर सवाल खड़े किए और कहा कि जब दादी अस्पताल में भर्ती हैं, तब मां परिवार की इज्जत को सड़क पर उछाल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई छोटी-मोटी नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक षड्यंत्र है।