राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक रविवार को संपन्न हुई। जोधपुर में आयोजित इस बैठक में कुछ राज्यों की स्थितियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई और वहां के हालात पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में पंजाब, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत, खासकर मणिपुर को लेकर चर्चा हुई। बैठक के अंतिम दिन राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि बैठक में पंजाब में ड्रग्स और धर्मांतरण को लेकर चिंता जताई गई। संघ राज्य के पिछड़े वर्ग के लोगों को साथ लेकर धर्म परिवर्तन को रोकने का काम कर रहा है। आंबेकर ने कहा कि पंजाब में धर्म परिवर्तन और युवाओं में बढ़ते नशाखोरी के मुद्दे पर संघ ने विस्तृत चर्चा की। संघ ने पंजाब में ड्रग्स के दुष्परिणाम पर चिंता जताई और युवाओं को सही रास्ते पर लाने के लिए संघ के विभिन्न संगठनों की भूमिका पर चर्चा की गई। ड्रग्स और नशाखोरी के जाल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काउंसलिंग और रिहैबिलिटेशन पर काम करने पर भी बैठक में चर्चा हुई। बैठक में पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। घुसपैठियों की गैरकानूनी ढंग से भारत में घुसने और यहां बसने पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। आंबेकर ने कहा कि बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठ करके आने वाले नागरिकों द्वारा स्थानीय लोगों के खिलाफ उपद्रव की गतिविधियों को अंजाम देना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों द्वारा पश्चिम बंगाल में फैलाए जा रहे उपद्रव को तुरंत रोकना जरूरी है। बैठक में हाल ही में पश्चिम बंगाल में सीमावर्ती इलाकों में रह रहे बांग्लादेशियों द्वारा मचाए गए उत्पात पर चिंता व्यक्त की गई। इनके खिलाफ कानूनी तरीके से शिकायत दर्ज कराई गई है। बैठक में पूर्वोत्तर को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अलगाववादी आंदोलन और हिंसा में कमी आने की बात कही गई। वहां धीरे-धीरे प्रगति और विकास का माहौल बन रहा है। संघ अलग-अलग जनजातीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का प्रयास कर रहा है। मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच संबंध बहाल हो और सौहार्द बने, इसके लिए लगातार कोशिश की जा रही है। गृह मंत्रालय के साथ कुकी समुदाय की वार्ता के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 2 अब मैतेई लोगों के लिए भी खुल गया है। इस तरह के व्यवहार से वहां आपसी विश्वास बहाली को बल मिल रहा है। संघ उम्मीद करता है कि जल्द ही वहां हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे। इसके अलावा, संघ की बैठक में पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड जैसे राज्यों में आई बाढ़ पर भी चिंता व्यक्त की गई। संघ के कार्यकर्ता वहां के लोगों के बीच दिन रात काम कर रहे हैं।
आरएसएस की बैठक: पंजाब, बंगाल और मणिपुर पर चर्चा
लोक शक्ति एक न्यूज़ वेबसाइट है जो आपको देश-दुनिया की ताज़ा और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करती है। हम राजनीति, समाज, और उद्योग जगत से जुड़े आम लोगों से साफ और सीधी बातें करते हैं। हमारा मकसद है आपको सही जानकारी सलाहकार बनाना।
न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें !
रोज़ाना ई-पेपर और मासिक मैगज़ीन के साथ ख़बरों से जुड़े रहें। अभी सब्सक्राइब करें!
© 2025 Lok Shakti. All Rights Reserved.