भाजपा के गृह मंत्री अमित शाह 10 दिनों के भीतर दूसरी बार बिहार का दौरा करेंगे और बेतिया और समस्तीपुर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर मंत्री मंगल पांडेय ने धर्मेंद्र प्रधान को बधाई दी और एनडीए की प्रचंड जीत का दावा किया। उधर, जेडीयू ने तेजस्वी को क्रेडिट चोर बताया तो आरजेडी ने नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार और अपराध से समझौते का आरोप लगाया।
तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आरजेडी की राजनीतिक रणनीति में बदलाव किया है। पार्टी अब MAA योजना लाएगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम मां-बहन सम्मान योजना देंगे और महिलाओं को उनका सम्मान दिलाएंगे, उन्होंने घोषणा की कि MAA योजना लाएंगे। एम से मकान, ए से अनाज और ए से आमदनी। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की महिला अक्ल मे नंबर वन हैं, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री नकल में नंबर वन हैं।
कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी शुक्रवार को राजधानी में महिलाओं से संवाद करेंगी। प्रियंका पार्टी की तरफ से आयोजित महिला संवाद में हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी स्थित प्रदेश कांग्रेस ऑफिस सदाकत आश्रम में किया गया है। प्रियंका इसके बाद मोतिहारी जाएंगी, जहां वह पार्टी की तरफ से आयोजित रैली में हिस्सा लेंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दस दिनों के अंदर दूसरी बार बिहार आएंगे। 26 सितंबर को बिहार आ रहे अमित शाह पार्टी नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। 27 सितंबर को अमित शाह समस्तीपुर के सराय रंजन में बाकी बचे जोन के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने धर्मेंद्र प्रधान को बिहार भाजपा का चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी। पांडेय ने कहा कि यह नियुक्ति बिहार में एनडीए की मजबूती को बढ़ावा देने के लिए अहम है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कुशल मार्गदर्शन में पुनः प्रदेश में एनडीए की प्रचंड जीत होगी।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास झूठे वादे के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
राजद के प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिक ताकतों से समझौता कर बिहार को बर्बाद कर दिया।