तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके की रैली में मची भगदड़ में 39 लोगों की जान चली गई, जिसमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल थे। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे की बड़ी वजहों में से एक, विजय का तय समय से 6 घंटे देर से रैली में पहुंचना बताया जा रहा है। भीषण गर्मी में बिना भोजन और पानी के इंतजार कर रहे लोगों में से कई बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे भगदड़ मच गई। डीजीपी जी. वेंकटरमण ने बताया कि रैली की अनुमति दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक की थी, लेकिन भीड़ सुबह 11 बजे से ही जुटना शुरू हो गई थी। विजय शाम 7:40 बजे पहुंचे। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोग विजय की एक झलक पाने के लिए घंटों भूखे-प्यासे इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना की जांच के लिए एक आयोग का गठन किया है और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। टीवीके के एक पदाधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।







