मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में सगाई करके सबको चौंका दिया है। उन्होंने मुंबई के जाने-माने व्यवसायी रवि घई की पोती सानिया चंदोक से एक निजी समारोह में सगाई की। हालांकि, अभी तक इस समारोह की तस्वीरें सामने नहीं आई हैं और दोनों परिवारों की तरफ से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अर्जुन की होने वाली पत्नी सानिया, मुंबई के प्रतिष्ठित घई परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिनका हॉस्पिटैलिटी और फूड सेक्टर में बड़ा नाम है। सानिया खुद भी एक सफल व्यवसायी हैं।
सानिया चंदोक, अर्जुन तेंदुलकर की बचपन की दोस्त हैं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से बिजनेस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने भारत में बढ़ते पालतू जानवरों के व्यवसाय में एक अवसर देखा और ‘मिस्टर पॉज’ की स्थापना की।
सानिया मुंबई में एक प्रीमियम पेट सैलून, स्पा और स्टोर ‘मिस्टर पॉज’ की संस्थापक हैं। उनका परिवार मुंबई में एक बड़ा व्यवसाय चलाता है, जिसमें इंटरकॉन्टिनेंटल मरीन ड्राइव होटल और ब्रुकलिन क्रीमरी (आइसक्रीम ब्रांड) शामिल हैं। ब्रुकलिन क्रीमरी ब्रांड कम कैलोरी वाले आइसक्रीम के लिए जाना जाता है। सानिया ने हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में भी निवेश किया है।
सानिया सोशल मीडिया पर अपनी स्टाइलिश पर्सनैलिटी, फैशन सेंस और महंगे ब्रांडों के प्रति लगाव के लिए जानी जाती हैं। उनकी लाइफ में यात्रा, डिजाइनर कपड़े और खास पार्टियों का बोलबाला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सानिया और अर्जुन बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों परिवारों के बीच पुराने संबंध हैं। सानिया अक्सर सोशल मीडिया पर पालतू जानवरों के इलाज करते हुए अपनी तस्वीरें साझा करती हैं।