एशिया कप 2025 के फाइनल में, पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को निशाना बनाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। फरहान ने बुमराह की गेंद पर छक्का जड़कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बुमराह के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की पारी की शुरुआत फरहान और फखर जमां ने की। पारी के तीसरे ओवर में बुमराह ने गेंदबाजी की और फरहान ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। यह बुमराह के खिलाफ उनका तीसरा छक्का था, इससे पहले उन्होंने सुपर-4 मैच में भी दो छक्के लगाए थे। फरहान पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने बुमराह के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में तीन छक्के लगाए हैं। जिम्बाब्वे के एल्टन चिगुंबुरा, वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस और काइरन पोलार्ड, न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन ने बुमराह के खिलाफ 2-2 छक्के लगाए हैं।
फरहान ने 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 38 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वरुण चक्रवर्ती ने उनकी पारी का अंत किया। यह भारत के खिलाफ उनका दूसरा अर्धशतक था। इससे पहले, सुपर-4 मैच में भी उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ अर्धशतक बनाया था।