जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर गाय व्हिटल 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। व्हिटल एक शानदार ऑलराउंडर थे जिन्होंने लगभग 10 साल तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला। वह अपने खेल से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी के लिए जाने जाते हैं। व्हिटल दो बार मौत को मात दे चुके हैं, मगरमच्छ और तेंदुए जैसे जानवरों का सामना करने के बाद भी वह बच गए।
व्हिटल ने 1993 से 2003 तक जिम्बाब्वे के लिए क्रिकेट खेला। 2013 में, वह एक मगरमच्छ के साथ रात बिताने के कारण सुर्खियों में आए थे। व्हिटल के बिस्तर के नीचे एक आठ फुट लंबा मगरमच्छ आ गया था, जिसका वजन लगभग 165 किलो था। हैरान करने वाली बात यह रही कि मगरमच्छ ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
पिछले साल, व्हिटल तेंदुए के हमले में बुरी तरह घायल हो गए थे। जंगल सफारी के दौरान एक तेंदुए ने उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर और हाथ पर गहरे घाव आए। उनकी जान उनके कुत्ते के कारण बची, जो तेंदुए से भिड़ गया। बाद में उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया और सर्जरी की गई।
व्हिटल ने जिम्बाब्वे के लिए 46 टेस्ट और 147 वनडे खेले। उन्होंने टेस्ट में 2207 रन और वनडे में 2705 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने टेस्ट में 51 और वनडे में 88 विकेट भी लिए। उनकी यादगार पारियों में से एक पाकिस्तान के खिलाफ थी, जब उन्होंने हरारे में शतक बनाया, जिससे जिम्बाब्वे ने 1995 में अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ बुलावायो में 203 रन बनाकर दोहरा शतक भी जड़ा।