एशिया कप 2025 में पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान अपने खेल के साथ-साथ ‘गनशॉट’ जश्न के लिए चर्चा में रहे थे। सुपर-4 मुकाबले में अर्धशतक बनाने के बाद फरहान ने बंदूक चलाने जैसा इशारा किया था, जिसके बाद भारत ने ICC से शिकायत की थी और उन्हें चेतावनी मिली थी। अब, फरहान फिर से चर्चा में हैं, इस बार उनके बल्ले को लेकर।
फरहान के बल्ले पर जिस कंपनी का लोगो है, उसने उनके लिए एक ‘गनमोड’ स्टिकर जारी किया है, जो उनके ‘गन सेलिब्रेशन’ को दर्शाता है। यह वही जश्न था जिसके कारण भारत बनाम पाकिस्तान सुपर 4 मैच के दौरान विवाद हुआ था। कंपनी ने स्टिकर लॉन्च करते हुए फरहान का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने आने वाले मैचों में इस स्टिकर का उपयोग करने की बात कही। हालांकि, सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बाद कंपनी ने वीडियो हटा दिया। सोशल मीडिया पर फैंस भी फरहान को ट्रोल कर रहे हैं।
सुपर-4 मैच में फरहान ने भारत के खिलाफ 45 गेंदों पर 58 रन बनाए थे और अर्धशतक पूरा करने के बाद ‘गनशॉट’ सेलिब्रेशन किया था। इस जश्न को संवेदनशील माना गया, जिसके बाद फरहान ने ICC के सामने सफाई दी कि यह उनकी निजी शैली है, जो पठान संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह शादियों जैसे खुशी के अवसरों पर आम है और इसमें कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी, जिसके बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।