एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को लीग राउंड में हराने के बाद सुपर 4 राउंड में भी आसानी से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 171 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की शानदार पारियों की बदौलत 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए 39 गेंदों में सबसे ज्यादा 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। शुभमन गिल ने भी 28 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े, जिससे भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर बुरी तरह हराया।
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में 69 रन बनाए। गिल और शर्मा ने सिर्फ 4.4 ओवर में 50 रनों की साझेदारी करके अपने इरादे जाहिर कर दिए। अभिषेक ने धीमी शुरुआत की, लेकिन 24 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा किया। गिल ने क्लास दिखाई और शर्मा ने पावर हिटिंग की। दोनों ने मिलकर 52 गेंदों में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। शुभमन गिल 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद, सूर्यकुमार यादव का विकेट भी जल्दी गिर गया। अभिषेक शर्मा 74 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने अच्छी साझेदारी कर भारत को जीत दिलाई।
पाकिस्तान ने पहले 10 ओवर में 91 रन बनाए थे, लेकिन उसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। साहिबजादा फरहान ने 58 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नवाज 21 रन ही बना सके। आखिरी दो ओवर में फहीम अशरफ ने 20 रन बनाए। भारत के लिए शिवम दुबे ने 2 विकेट लिए। कुलदीप यादव और पंड्या ने भी एक-एक विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 45 रन दिए। भारत ने अंत में आसानी से मैच जीत लिया।