एशिया कप से पहले, रिंकू सिंह का एक पॉडकास्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस पॉडकास्ट में रिंकू सिंह ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे एक भारतीय खिलाड़ी के हनीमून पर उनके साथ गए थे। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि नीतीश राणा थे, जो रिंकू सिंह के बहुत अच्छे दोस्त हैं। रिंकू सिंह ने राज शमानी के साथ बातचीत में बताया कि नीतीश राणा उन्हें और राहुल तेवतिया को अपने साथ हनीमून के लिए यूरोप ले गए थे।
रिंकू सिंह ने खुलासा किया, ‘मैं कभी भारत से बाहर नहीं गया था। विदेश जाना मेरा सपना था, वहां के लोग कैसे रहते हैं, क्या खाते हैं, ये सब जानने की इच्छा थी। साल 2019 में नीतीश राणा भाई की शादी हुई थी। वे मुझे हनीमून के लिए यूरोप ले गए। राहुल तेवतिया और मैं उनके हनीमून पर गए थे।’ रिंकू ने आगे कहा, ‘नीतीश राणा चाहते थे कि मैं विदेशियों से बात करूं और रेस्टोरेंट में ऑर्डर करूं। मैं सोचता था कि कैसे इंग्लिश में वाक्य बनाऊं। एक शॉप पर गया तो मैं इशारा करके ऑर्डर लेता था।’ रिंकू सिंह ने इस बात का अफसोस जताया कि उन्हें अंग्रेजी नहीं आती है। उन्होंने कहा, ‘कॉन्फिडेंस का खेल है। मैं रसेल के साथ इंग्लिश में बात कर लेता हूं, इंग्लिश के लिए माहौल चाहिए। आईपीएल में खुद ब खुद मेरी इंग्लिश निकलती है।’ उन्होंने कहा, ‘इंग्लिश नहीं आने की वजह से बुरा लगता है। कुलदीप यादव भाई के साथ न्यूयॉर्क गया था, वहां वे ही ऑर्डर कर रहे थे। उन्होंने मुझे कहा कि कब इंग्लिश सीखेगा। मुझे लगा कि इंग्लिश आनी चाहिए, कहीं फंस गए तो इंग्लिश आनी चाहिए। विदेश में फंस गए तो इंग्लिश आनी चाहिए। मैंने इंग्लिश की क्लास लेनी शुरू की लेकिन मुझसे हो नहीं पाया। मेरा दिमाग ही खराब हो गया था।’ रिंकू सिंह को भले ही इंग्लिश न आती हो, लेकिन उनका बल्ला मैदान पर जमकर बोलता है। रिंकू ने टी20 फॉर्मेट में अपनी पहचान बनाई है और वे मैच फिनिशर के तौर पर सफल रहे हैं। अगर उन्हें एशिया कप में मौका मिलता है, तो वे अपना जलवा दिखा सकते हैं।