14 सितंबर का दिन सिर्फ इसलिए खास नहीं था कि भारत और पाकिस्तान क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने थे, बल्कि इसलिए भी विशेष था क्योंकि उस दिन टीम इंडिया के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का जन्मदिन था। जन्मदिन का मौका और सामने पाकिस्तान, तो फिर जीत का जश्न मनाने से बड़ी खुशी क्या हो सकती है। सूर्यकुमार यादव ने भी अपने 35वें जन्मदिन को इसी अंदाज में मनाया। उनका जन्मदिन मैदान पर पाकिस्तान को हराने के बाद मनाया गया। इस दौरान, उनकी पत्नी ने उनके माथे पर टीका लगाया, जिससे उत्सव की शुरुआत हुई।
स्टेडियम में गूंजा- हैप्पी बर्थडे सूर्या
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराने के बाद जब भारतीय कप्तान और बर्थडे बॉय सूर्यकुमार यादव पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के लिए आए, तो स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दर्शकों के इस प्यार पर सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि वो काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। इसके बाद, उन्होंने पाकिस्तान पर मिली जीत को देश को रिटर्न गिफ्ट बताया।
पत्नी ने माथे पर लगाया टीका, दो केक काटे
देश को रिटर्न गिफ्ट देने के बाद जब सूर्यकुमार टीम होटल पहुंचे, तो वहां उनकी पत्नी ने खास तैयारी कर रखी थी। सूर्या की पत्नी देविशा शेट्टी ने सबसे पहले उनके माथे पर टीका लगाया। खुशी का मौका दोगुना था, तो केक एक कैसे कट सकता था। ऐसे में पत्नी ने सूर्यकुमार यादव की डबल खुशी के लिए दो केक का इंतजाम किया था। सूर्या ने वो दोनों केक काटकर डबल जश्न मनाया। देविशा ने सूर्या के 35वें जन्मदिन की तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा – जन्मदिन मुबारक हो मेरे खास!