बाइक टैक्सी कंपनी रैपिडो ने अब फूड डिलीवरी क्षेत्र में कदम रखा है, जो Swiggy और Zomato को चुनौती देने के लिए तैयार है। कंपनी ने ‘Ownly’ नामक फूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग शुरू कर दी है। फिलहाल, यह सेवा बीटा चरण में है और चुनिंदा क्षेत्रों में ही उपलब्ध है। आइए जानते हैं कि रैपिडो की फूड डिलीवरी सर्विस फिलहाल किन शहरों और इलाकों में उपलब्ध है और कैसे यह 15% सस्ता खाना देगी।
**कैसे मिलेगा 15% सस्ता खाना?**
टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, Ownly का लक्ष्य Swiggy और Zomato की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना है। यह इसलिए संभव है क्योंकि रैपिडो रेस्टोरेंट से 30 प्रतिशत तक कमीशन नहीं लेता है, जैसा कि उसके प्रतिस्पर्धी करते हैं। इसके बजाय, यह प्रति ऑर्डर एक निश्चित शुल्क मॉडल पर काम करता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रैपिडो डिलीवरी जोन को सीमित रखेगा, जिससे दो फायदे होंगे: पहला, ईंधन की लागत और खपत कम होगी; और दूसरा, ग्राहकों तक रेस्टोरेंट से खाना तेजी से पहुंचेगा। मेनू को इस तरह से तैयार किया जाएगा जिससे रेस्टोरेंट के मार्जिन को प्रभावित किए बिना ग्राहकों को अधिकतम लाभ मिल सके। रैपिडो का यह कदम स्विगी और जोमैटो के लिए सस्ते भोजन की पेशकश करके मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
**इन इलाकों में शुरू हुई सर्विस**
को-फाउंडर और चीफ एग्जीक्यूटिव अरविंद सांका ने बताया कि Ownly सर्विस को बेंगलुरु के बायरासंद्रा, मडीवाला (बीटीएम) लेआउट, तवारेकेरे, कोरमंगला और होसुर सरजापुर रोड (एचएसआर) लेआउट में शुरू किया गया है। रैपिडो ने ओनली को अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Ctrlx Technologies के माध्यम से लॉन्च किया है।
**रैपिडो की अन्य सेवाएं**
रैपिडो की शुरुआत 2015 में बाइक टैक्सी के साथ हुई थी। इसके बाद, कंपनी ने ऑटो रिक्शा, पार्सल डिलीवरी, थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स और हाल ही में कैब सेवाओं में विस्तार किया। हाल ही में, रैपिडो ने बैटरी-स्वैपिंग इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर के लिए ताइवान की गोगोरो कंपनी के साथ भी साझेदारी की है।