प्रसिद्ध इतालवी डिज़ाइनर जियोर्जियो अरमानी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अरमानी समूह ने एक बयान जारी कर इस दुखद खबर की घोषणा की। फैशन हाउस ने कहा, “अत्यंत दुख के साथ, अरमानी समूह अपने निर्माता, संस्थापक और अथक प्रेरणास्रोत, जियोर्जियो अरमानी के गुरुवार को निधन की घोषणा करता है।”
जियोर्जियो अरमानी फैशन की दुनिया में एक ऐसा नाम थे जिन्होंने कपड़ों को एक लग्जरी बना दिया और फैशन को देखने के लोगों के दृष्टिकोण को भी बदल दिया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जून में, बीमारी के कारण वह अपने पहले रनवे शो में शामिल नहीं हो पाए थे। अरमानी को रेड कार्पेट फैशन का नेतृत्व करने का श्रेय दिया जाता है। स्काई न्यूज़ के अनुसार, वह इस महीने एक बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाने की योजना बना रहे थे। उन्होंने मिलान फैशन वीक के दौरान अपने ब्रांड की 50वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई थी।
कहा जाता है कि उन्होंने फैशन के केंद्र को पेरिस से मिलान में स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने एक बार कहा था, “मैंने पुरुषों को महिलाओं के कपड़े पहनाना शुरू किया, और महिलाओं को पुरुषों के, जिसके परिणामस्वरूप दोनों के देखने का तरीका बदल गया।”
उनके बारे में एक प्रसिद्ध किस्सा है कि उन्होंने डॉक्टर की पढ़ाई छोड़ दी और पहले सेना में शामिल हो गए। वहां, वह हर अवसर पर बहुत सज-धजकर जाते थे कि एक अधिकारी ने कहा, ‘लड़के! तुम सेना छोड़ो, जाकर दर्जी बन जाओ।’ उन्होंने अधिकारी की बात को गंभीरता से लिया और सेना छोड़ दी। जब उन्होंने डिजाइनिंग शुरू की, तो अरमानी नाम का एक ऐसा ब्रांड बनाया जो स्टेटस सिंबल बन गया।
उन्होंने 1970 के दशक में अपने सिग्नेचर ‘अरमानी सूट’ की शुरुआत करके रेडी-टू-वियर इतालवी फैशन को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। इसके बाद, 1980 के दशक में उन्होंने महिलाओं के कपड़ों में क्लासिक स्टाइल की शुरुआत ‘पावर सूट’ के साथ की।
अरमानी को व्यापक रूप से रे जियोर्जियो (किंग जियोर्जियो) के नाम से भी जाना जाता था। वह कई प्रतिष्ठित हॉलीवुड परियोजनाओं का हिस्सा रहे और उन्होंने 1980 में अमेरिकन जिगोलो में रिचर्ड गेरे सहित कई दिग्गज अभिनेताओं के साथ व्यक्तिगत रूप से काम किया।