इजरायली सेना ने गाजा पर 18 साल से जारी इजरायली नाकाबंदी को तोड़ने जा रहे ग्लोबल फ्लोटिला को गाजा से पहले ही रोक दिया। इस दौरान, फ्लोटिला में सवार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में स्वीडन की जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग भी शामिल हैं।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर कहा कि हमास-सुमुद फ्लोटिला के कई जहाजों को सुरक्षित रूप से रोक लिया गया है और उनके यात्रियों को एक इजराइली बंदरगाह पर ले जाया जा रहा है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ग्रेटा और उनके दोस्त सुरक्षित और स्वस्थ हैं। मंत्रालय ने थुनबर्ग को ले जाते हुए एक वीडियो भी साझा किया। इजराइल ने फ्लोटिला का हमास से संबंध होने के दावे का समर्थन करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं दिया है।
कार्यकर्ताओं ने इजराइल की इस कार्रवाई को अवैध और चोरी बताया है। उन्होंने ग्लोबल कम्यूनिटी से इजराइल के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे हथियार नहीं, बल्कि राहत सामग्री लेकर जा रहे थे, जिसकी गाजा के लोगों को सख्त जरूरत है।
इजराइली मीडिया के मुताबिक, अब तक छह नावों को रोका गया है, जिनमें अल्मा नामक जहाज भी शामिल है। रिपोर्टों के अनुसार और भी नावें रोके जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली सैनिक जहाजों पर चढ़ गए और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।