जापान की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने पूर्व आर्थिक सुरक्षा मंत्री साने ताकाइची को अपना नया नेता चुना है। इस जीत के साथ ही ताकाइची देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बन जाएंगी। यह निर्णय 4 अक्टूबर को लिया गया, जब प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के इस्तीफे के बाद पार्टी ने नए अध्यक्ष का चुनाव किया।
इस चुनाव में कुल पांच उम्मीदवार थे, लेकिन मुख्य मुकाबला साने ताकाइची और कृषि मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के बीच रहा। ताकाइची ने रनऑफ वोटिंग में शिंजिरो कोइजुमी को हराया। पहले राउंड में ताकाइची को 183 वोट और कोइजुमी को 164 वोट मिले। बहुमत न मिलने के कारण रनऑफ कराया गया, जिसमें 295 LDP सांसदों और लगभग 10 लाख पार्टी सदस्यों ने भाग लिया।
साने ताकाइची 64 साल की हैं और एक कंजर्वेटिव नेता मानी जाती हैं। वह यासुकुनी मंदिर में जाने, संविधान में बदलाव और ताइवान के साथ सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का समर्थन करती हैं। उन्होंने अमेरिका के साथ निवेश समझौतों की समीक्षा का भी सुझाव दिया है।
अपनी जीत के बाद ताकाइची ने कहा कि वह लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और भविष्य को लेकर उनकी चिंता को उम्मीद में बदलना चाहती हैं। उनका मुख्य फोकस देश की आर्थिक प्रगति और सुरक्षा पर है। ताकाइची ने 10 साल में जापान की अर्थव्यवस्था को दोगुना करने की योजना पेश की है। वह भारत को एक विशेष रणनीतिक भागीदार मानती हैं और क्वाड और इंडो-पैसिफिक में सहयोग बढ़ाने पर जोर देती हैं।
नए प्रधानमंत्री की औपचारिक पुष्टि के लिए संसदीय मतदान अक्टूबर के मध्य में होने की उम्मीद है। नए प्रधानमंत्री को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कूटनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।