फ्रांस में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। गुरुवार को शुरू हुए विरोध इतने बढ़ गए कि पेरिस के प्रतिष्ठित एफिल टॉवर को बंद करना पड़ा। हजारों लोगों ने सरकार की खर्च कटौती नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों में मजदूर, सेवानिवृत्त लोग और छात्र शामिल थे। उन्होंने पेरिस में मार्च निकाला और सरकारी खर्चों में कटौती का विरोध किया, साथ ही अमीरों पर अधिक टैक्स लगाने की मांग की। एफिल टॉवर प्रबंधन ने पर्यटकों को बताया कि हड़ताल के कारण टॉवर बंद है। यह हड़ताल पिछले महीने शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों का ही हिस्सा है। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, देशभर में 1 लाख 95 हजार लोग सड़कों पर उतरे, जिनमें से 24 हजार केवल पेरिस में थे। इन प्रदर्शनों का असर क्षेत्रीय रेल सेवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे सार्वजनिक सेवाओं पर अधिक खर्च चाहते हैं, सरकार के सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने के फैसले को वापस लेने और अमीरों पर अधिक कर लगाने की मांग करते हैं।







