अमेरिका के मिनियापोलिस शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में दो बच्चों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हमलावर ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। जांच में पता चला है कि हमलावर की बंदूक पर कई चौंकाने वाले संदेश लिखे हुए थे। इन संदेशों में ‘न्यूक इंडिया’ और ‘माशा अल्लाह’ जैसे शब्द शामिल थे। हमलावर की पहचान रॉबिन वेस्टमैन के रूप में हुई है।
घटना से पहले, वेस्टमैन ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी जारी किए थे। घायलों में 6 से 15 वर्ष की आयु के 14 बच्चे शामिल थे, जिनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त, तीन बुजुर्ग भी घायल हुए।
बंदूक की मैगजीन पर ‘किल डोनाल्ड ट्रंप’ और ‘इजराइल का पतन होना चाहिए’ जैसे संदेश भी लिखे हुए थे। वीडियो में वेस्टमैन ने यहूदी विरोधी विचार भी व्यक्त किए। हमले से पहले जारी किए गए वीडियो में, वेस्टमैन अपनी बंदूक की मैगजीन दिखाते हुए दिखाई दे रहा है, जिस पर ‘बच्चों के लिए’, ‘किल डोनाल्ड ट्रंप’, और ‘तुम्हारा भगवान कहां है?’ जैसे शब्द लिखे थे। एक अन्य वीडियो में हथियारों का जखीरा दिखाया गया था, जिसमें कई राइफल और एक शॉटगन मौजूद थीं।
एक वीडियो में एडम लैंजा का भी जिक्र किया गया है, जो 2012 में सैंडी हुक एलिमेंट्री स्कूल में हुई गोलीबारी के लिए जाना जाता है। इस घटना में 20 बच्चों सहित 26 लोगों की जान गई थी। जांच एजेंसियां इस घटना के बाद सतर्क हो गई हैं।