चीन के शानदोंग प्रांत में रात के आसमान में अचानक हुई तेज रोशनी और धमाकों की गूंज ने लोगों को चौंका दिया। ये धमाके पिछले हफ्ते शानदोंग प्रांत में सुनाई दिए। तब से ही चीन के सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक मिसाइल जैसी चीज आग के गोले की तरह उड़ती हुई और हवा में धमाके के साथ टकराती हुई दिखाई देती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर यह टॉपिक ट्रेंड करने लगा, जिसने 150 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोरे। इस ट्रेंड पर लोगों ने कई तरह की थ्योरी पेश कीं। किसी ने लिखा कि यह ड्रोन हो सकता है, तो किसी ने मजाक में कहा कि एलियन आ गए हैं। वहीं कुछ यूजर्स का कहना था कि यह सेना की सामान्य ट्रेनिंग का हिस्सा है।
वीफांग शहर के लोगों ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे आसमान में एक जलती हुई वस्तु को तेजी से उड़ते देखा। वीडियो में यह अज्ञात वस्तु उल्टी दिशा से आई दूसरी वस्तु से टकराती नजर आई और फिर जोरदार धमाके के साथ फट गई। रिहायशी इलाकों में खिड़कियाँ हिल गईं, जिससे लोग दहशत में आ गए। एक स्थानीय ने तो मोबाइल से शूट करते हुए कहा कि मिसाइल दागी गई है। हालांकि, शहर की आपदा प्रबंधन एजेंसी और शानदोंग प्रांत के संबंधित विभागों ने अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
11 सितंबर को चीन की समुद्री सुरक्षा प्रशासन ने बोहाई सागर के दो इलाकों में लाइव-फायरिंग की चेतावनी जारी की थी। यह इलाक़ा वीफ़ांग और उसके पास के वेइबेई आर्टिलरी टेस्ट रेंज के पास आता है। यह अभ्यास 12 से 14 सितंबर तक चला। ऐसे में माना जा रहा है कि आसमान में दिखा धमाका किसी एयर डिफेंस ड्रिल यानी वायु रक्षा अभ्यास का हिस्सा हो सकता है।
चीन की सेना का कामकाज दुनिया में सबसे गुप्त माना जाता है। रक्षा बजट और हथियारों की जानकारी अक्सर छिपी रखी जाती है। यही वजह है कि किसी भी असामान्य घटना पर तुरंत रहस्य और अफवाहें फैल जाती हैं। ज्यादातर जानकार मानते हैं कि यह घटना एलियंस या यूएफओ से ज्यादा, चीन के सैन्य अभ्यास से जुड़ी है।