पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए एक विवादित बयान दिया है, जिससे हंगामा मच गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के पानी को ‘अल्लाह का इनाम’ मानते हुए इसे घरों में जमा कर लेना चाहिए।
एक निजी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में, आसिफ ने दावा किया कि दुनिया भर में पानी की कमी के बीच पाकिस्तान में बाढ़ आना एक सुखद संयोग है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इसे आपदा के रूप में न देखें, बल्कि इसे ईश्वर का आशीर्वाद मानें और घरों में पानी जमा करें।
मंत्री ने उन लोगों की आलोचना की जो बाढ़ के कारण सड़कों को जाम कर रहे हैं और सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले पानी जमा करने पर ध्यान देना चाहिए। आसिफ ने स्वीकार किया कि सरकार के पास बाढ़ को रोकने की कोई प्रणाली नहीं है और स्थानीय सरकारों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ से लगभग 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 41 लोगों की मौत हो गई है। पूरे पाकिस्तान में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 850 के करीब पहुंच गई है। बाढ़ प्रभावितों तक राहत पहुंचाने में सरकार अब तक असफल रही है।