दुनिया के सबसे बड़े ईसाई धर्मगुरु पोप लियो ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिस गति से मस्क की संपत्ति बढ़ रही है, वह चिंताजनक है। पोप लियो ने एक इंटरव्यू में कहा कि मस्क जैसे लोगों की बढ़ती संपत्ति दुनिया भर में मुश्किलें बढ़ा सकती है। लियो ने इस बात पर जोर दिया कि मजदूरों और कर्मचारियों के मुकाबले कंपनी के सीईओ का वेतन बहुत तेजी से बढ़ रहा है।
पोप लियो ने बताया कि 60 साल पहले कंपनी के कर्मचारी और सीईओ के वेतन में केवल 6 गुना का अंतर था, जो अब 600 गुना तक पहुंच गया है। उन्होंने सुना है कि एलन मस्क कुछ ही सालों में खरबपति बन जाएंगे, जो कि चिंता का विषय है। लियो ने यह भी कहा कि जिस तरह से कॉर्पोरेट जगत में स्थिति खराब हो रही है और पैसा कुछ ही लोगों के पास जमा हो रहा है, उससे भविष्य में दुनिया में नए संघर्ष छिड़ सकते हैं।
पोप ने कहा कि मजदूरों का वेतन लगातार घट रहा है, जबकि सीईओ और उच्च पदों पर बैठे लोगों का वेतन बढ़ रहा है। फोर्ब्स के अनुसार, टेस्ला के एलन मस्क की वर्तमान संपत्ति 463.2 अरब डॉलर है। ऑक्सफैम की 2025 की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि 2019 की तुलना में 2024 में सीईओ के वेतन में औसतन 50% की वृद्धि हुई, जबकि कर्मचारियों के वेतन में मामूली 0.9% की वृद्धि हुई। भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप में भी सीईओ और कर्मचारियों के वेतन में बड़ा अंतर देखा गया है। एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार, 2022 में दुनिया के 193 में से 148 देशों में भोजन, ऊर्जा और जीवन यापन की लागत में वृद्धि को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए।