ब्रिटिश प्रधान मंत्री कीर स्टारमर ने अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है, जिसमें शबाना महमूद को गृह सचिव बनाया गया है। वह ब्रिटेन की गृह सचिव बनने वाली पहली मुस्लिम महिला हैं। पाकिस्तानी मूल की शबाना अब यवेट कूपर की जगह लेंगी, जिन्हें विदेश मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है।
44 वर्षीय शबाना लेबर पार्टी की सांसद हैं और बर्मिंघम लेडीवुड सीट से चुनी गई हैं। उनका जन्म 1980 में बर्मिंघम में हुआ था और उन्होंने अपनी जुड़वां बहन के साथ परवरिश पाई। शबाना का परिवार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मीरपुर से ताल्लुक रखता है। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के लिंकन कॉलेज से कानून की पढ़ाई की और एक वकील बनीं। 2010 में, शबाना ब्रिटिश संसद में पहुंचने वाली पहली मुस्लिम महिलाओं में से एक थीं। उन्होंने अपना बचपन यूके और सऊदी अरब में बिताया।
लेबर पार्टी को 2024 में मिली जीत से पहले, वे पार्टी की नेशनल कैंपेन कोऑर्डिनेटर भी रह चुकी हैं। 2021 के एक महत्वपूर्ण चुनाव में उन्होंने लेबर पार्टी की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब, वह ब्रिटेन में पुलिस, सुरक्षा और आव्रजन से संबंधित मामलों की जिम्मेदारी संभालेंगी।
शबाना महमूद आव्रजन पर अपने सख्त रुख के लिए जानी जाती हैं और शरणार्थियों और निर्वासन जैसे मुद्दों पर काम करेंगी। वह जेल सुधार, मानवाधिकार और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के पक्ष में भी काम कर चुकी हैं। उन्हें शरणार्थी मामलों, पुलिस सुधार और बाल शोषण के मामलों से निपटना होगा। उन्होंने कहा है कि वे फिलिस्तीन एक्शन जैसे प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी, हालाँकि वह पहले फिलिस्तीनी समर्थक प्रदर्शनों में भी शामिल रही हैं।