अमेरिका के न्यूयॉर्क में बांग्लादेश वाणिज्य दूतावास के बाहर शेख हसीना के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने यूनुस सरकार में सूचना सलाहकार महफूज आलम पर अंडे और पत्थर फेंके, साथ ही वाणिज्य दूतावास में भी तोड़फोड़ की। आवामी लीग के कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद महफूज आलम को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। महफूज यहां बांग्लादेश में तख्तापलट की सालगिरह के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। महफूज आलाम पर यह हमला हाल ही में शेख हसीना को लेकर एक फैसले के कारण हुआ है। बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना के किसी भी संदेश के प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला किया है। हसीना के संदेश छापने या प्रकाशित करने वाले मीडिया समूहों पर भी कार्रवाई की बात कही गई है। महफूज आलम यूनुस सरकार में सूचना प्रसारण मंत्रालय के प्रमुख हैं। प्रथम आलो के अनुसार, जैसे ही महफूज आलम दूतावास में कार्यक्रम के लिए पहुंचे, वैसे ही आवामी लीग के कार्यकर्ता नारे लगाते हुए दूतावास में घुस गए। कार्यकर्ताओं ने ‘जय बांग्ला, जय बंगबंधु’ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने पहले महफूज के आने का विरोध किया और फिर हंगामा शुरू कर दिया। जब कार्यकर्ताओं को वहां से निकालने की कोशिश की गई, तो उन्होंने बवाल कर दिया। पहले पत्थर और अंडे से महफूज पर हमला किया गया और फिर वाणिज्य दूतावास में तोड़फोड़ की गई। कार्यकर्ताओं का हंगामा देखकर आयोजकों ने अमेरिकी पुलिस से मदद मांगी। आखिर में, महफूज आलम को वाणिज्य दूतावास से निकालकर सुरक्षित होटल ले जाया गया। महफूज आलम 27 अगस्त तक अमेरिकी दौरे पर रहेंगे। बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के वर्कर्स एक्टिव हो गए हैं। हाल ही में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने ढाका और उसके आसपास के इलाकों में प्रदर्शन किया था। आवामी लीग के कार्यकर्ता ब्रिटेन में भी सक्रिय हैं। अब न्यूयॉर्क में भी हंगामा मचाकर उन्होंने अपनी सक्रियता का संदेश दे दिया है। बांग्लादेश में फरवरी 2026 में आम चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव आयोग ने संदेश दिया है कि बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी भी चुनाव लड़ सकती है।
न्यूयॉर्क में शेख हसीना के समर्थकों का हंगामा: यूनुस के मंत्री पर हमला
लोक शक्ति एक न्यूज़ वेबसाइट है जो आपको देश-दुनिया की ताज़ा और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करती है। हम राजनीति, समाज, और उद्योग जगत से जुड़े आम लोगों से साफ और सीधी बातें करते हैं। हमारा मकसद है आपको सही जानकारी सलाहकार बनाना।
न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें !
रोज़ाना ई-पेपर और मासिक मैगज़ीन के साथ ख़बरों से जुड़े रहें। अभी सब्सक्राइब करें!
© 2025 Lok Shakti. All Rights Reserved.