
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में अमेरिका के नए राजदूत की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने विश्वासपात्र सर्जियो गोर को भारत में राजदूत नियुक्त किया है। इसके साथ ही सर्जियो दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत भी होंगे। यह ऐलान राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर किया। वर्तमान में, सर्जियो गोर व्हाइट हाउस के प्रेसिडेंशियल पर्सनेल ऑफिस के डायरेक्टर हैं। अमेरिकी सीनेट की पुष्टि के बाद वह भारत में अमेरिका के नए स्थायी राजदूत होंगे। दरअसल, एरिक गार्सेटी के हटने के सात महीने बाद अमेरिका ने भारत में अपना स्थायी राजदूत नियुक्त किया है। सर्जियो भारत में 26वें अमेरिकी राजदूत होंगे। ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि वह सर्जियो गोर को भारत के लिए अमेरिका का अगला राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत के रूप में नियुक्त कर रहे हैं। ट्रंप ने सर्जियो गोर को अपना करीबी सहयोगी, मित्र और विश्वासपात्र बताया, जिस पर वह पूरी तरह भरोसा कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि विश्व के सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र के लिए, यह जरूरी है कि उनके पास ऐसा व्यक्ति हो जो उनके एजेंडे को पूरी तरह लागू कर सके और मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) के लक्ष्य की ओर ले जाए। सर्जियो गोर लंबे समय से ट्रंप के राजनीतिक और व्यक्तिगत विश्वासपात्र रहे हैं। उन्होंने ट्रंप के ऐतिहासिक प्रेसिडेंशियल कैम्पेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। व्हाइट हाउस में प्रेसिडेंशियल पर्सनेल ऑफिस के डायरेक्टर के रूप में, गोर ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के लिए कर्मचारी चयन में अहम भूमिका निभाई।





