राजधानी वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड की तैनाती के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इलिनोइस राज्य के शिकागो शहर में भी सैन्य तैनाती करने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग का मुख्यालय) पिछले कुछ हफ्तों से शिकागो में सैन्य तैनाती की योजना पर काम कर रहा है।
सितंबर तक शिकागो में एक हजार से अधिक नेशनल गार्ड्स के पहुंचने की संभावना है। ट्रम्प ने 12 अगस्त को वॉशिंगटन में 800 नेशनल गार्ड्स तैनात करने का आदेश दिया था, जिसका उद्देश्य राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारना था। ट्रम्प का यह फैसला अपराध, अवैध आप्रवासन और बेघरों पर कार्रवाई से जुड़ा है। ट्रम्प ने शिकागो में अव्यवस्था की बात कही है, और मेयर को अयोग्य बताया है।
मामले से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि शिकागो में लंबे समय से सैन्य हस्तक्षेप की योजना बनाई जा रही है। शहर में अवैध प्रवासियों की तलाश के लिए ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट) के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। ट्रम्प के इस कदम की मेयरों और राज्य के गवर्नरों ने कड़ी आलोचना की है। इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रित्जकर ने कहा है कि ट्रम्प अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने ट्रम्प के बयानों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड्स की तैनाती के लिए 1970 के होम रूल एक्ट का इस्तेमाल किया है। यह राष्ट्रपति को आपातकाल की स्थिति में 48 घंटे तक शहर की पुलिस का नियंत्रण लेने का अधिकार देता है। यदि शहर पर नियंत्रण 30 दिनों से अधिक समय तक रखना हो, तो इसके लिए संसद में कानून पास कराना आवश्यक है।