Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

काशी अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वरपुरी का निधन,

वाराणसी के अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी (67) का शनिवार को निधन हो गया। जानकारी होते ही संत समाज, विद्वत जन और काशीवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मंदिर परिसर में रखा गया है। रविवार की सुबह उनको गंगा में समाधि दी जाएगी। मंदिर प्रांगण से ही उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी।उपमहंत शंकर पुरी ने बताया कि महंत रामेश्वर पुरी पिछले 10 दिनों से लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। उनकी हालत चिंताजनक थी।

चिकित्सकों ने जब जवाब दे दिया तो शुक्रवार की रात उन्हें मेदांता से लाकर महमूरगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की दोपहर 3:30 बजे उन्होंने शरीर त्याग दिया।महंत रामेश्वर पुरी हरिद्वार में कुंभ स्नान के पहले ही कोराना संक्रमित हो गए थे। वहां से नई दिल्ली में इलाज कराने के बाद लखनऊ आ गए थे। इसके बाद ठीक होकर वह अन्नपूर्णा मंदिर लौटे थे। इसी बीच 11 जून को दोबारा उनकी सेहत खराब होने की वजह से मेदांता लखनऊ में दोबारा भर्ती कराना पड़ा था। मेदांता में भर्ती रहने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और धर्मार्थ राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी ने फोन कर उनका हाल जाना था।