Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

स्मैक तस्कर के बरातघर पर बीडीए ने बुलडोजर चलाया, श्रेय लेने में पुलिस ने भी हाथ बंटाया

बीडीए उपाध्यक्ष के साथ एसपी देहात की निगरानी में तीन घंटे चला अभियान
फतेहगंज पश्चिमी। बगैर नक्शा मंजूर कराए हाईवे के किनारे छह बीघा जमीन पर बनाए गए स्मैक तस्कर नन्हे लंगड़ा के आलीशान बरातघर पर बीडीए ने बृहस्पतिवार को बुलडोजर चला दिया। बीडीए और एनएचएआई के पांच बुलडोजर करीब तीन घंटे तक बरातघर गिराने में जुटे रहे। स्मैक तस्कर के बरातघर पर बुलडोजर चला तो श्रेय लेने में पुलिस भी हाथ बंटाने की कोशिश में जुट गई। दावा किया गया कि बरातघर स्मैक तस्करी की काली कमाई से बना था, इसलिए उस पर कार्रवाई की गई है।
करीब दस साल से स्मैक तस्करी में लिप्त मोहल्ला सराय के तस्कर नन्हे लंगड़ा उर्फ रियासत को नौ सितंबर को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने 270 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि उसने स्मैक के काले धंधे से कस्बे में आशियाना नाम का बरातघर, मार्केट और दो मकान समेत करोड़ों की संपत्ति बना ली है। पुलिस ने यह जानकारी बीडीए को दी थी। बीडीए ने बरातघर की जांच कराई तो पता चला कि बिना अनुमति के करीब छह बीघा में बरातघर बनाया गया है। उसका नक्शा भी पास नहीं कराया है। इसके बाद बीडीए ने स्मैक तस्कर को कंपाउंडिंग कराने के लिए नोटिस दिया लेकिन उसने नोटिस का जवाब तक नहीं दिया।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह की अगुवाई में टीम पांच बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, सीओ बहेड़ी एके गौतम भी फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज, शाही, शेरगढ़ और महिला थाना की पुलिस लेकर पहुंच गए। एनएचएआई की क्रेन भी मंगाई गई। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे बरातघर को ध्वस्त करने का काम शुरू किया गया। इस दौरान हाईवे पर बरातघर के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया।
एक पिलर नहीं गिरा सके तीन बुलडोजर
बीडीए और पुलिस टीम को बरातघर ध्वस्त करने का काम आसान लग रहा था। मगर जब उसे ध्वस्त करने का काम शुरू हुआ तो उसकी मजबूती देखकर अफसर भी दंग रह गए। बरातघर के पिलर को गिराने के लिए पांच बुलडोजर लगाए गए लेकिन वे शाम तक सिर्फ एक पिलर ही तोड़ा जा सका। शाम साढ़े छह बजे तक बीडीए की टीम बरातघर की दीवारें और आगे की सजावट ही गिरा सकी। इसके बाद अंधेरा होने के चलते कार्रवाई रोक दी गई। अब शुक्रवार को अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
छह बीघा में बने बरातघर की कीमत करोड़ों में
स्मैक तस्कर का बरातघर की एक हजार वर्ग गज जमीन का ही उसके बेटे यूसुफ अंसारी और पत्नी सकीना के नाम बैनामा है। कार्रवाई के दौरान अफसर भी छोटे से कस्बे में बने बरातघर की भव्यता देखकर दंग रह गए। इसमें 20 से ज्यादा एसी लगे हैं। फर्श मार्बल का है। दीवारों में टाइल्स लगी हैं। फाल्स सीलिंग के जरिए उसे और खूबसूरत बनाया गया था।
14 साल से कर रहा है तस्करी, पांच बार गया जेल
नन्हे लंगड़ा करीब 14 साल से स्मैक तस्करी में लिप्त है। पुलिस जांच में उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति सामने आई है। इसमें कस्बे में करोड़ों कीमत के दो मकान, एक बरातघर, कस्बे में छह दुकानें, हाईवे पर तीन-तीन सौ वर्ग गज के दो प्लॉट और सोरहा गांव में आठ बीघा भूमि है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पचौरी ने बताया कि नन्हे लंगड़ा 2007 से अब तक पांच बार स्मैक तस्करी में जेल जा चुका है। सबसे पहले उसकी गिरफ्तारी 2007 में हुई थी। इसके बाद 2011, 2013 और 2014 में जेल भेजा गया था। 2009 में वह बलवा और जानलेवा हमले में भी जेल गया था।
अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य रूमाना ने किया था उद्घाटन
बताया जा रहा है कि नन्हे लंगड़ा पर पुलिस ने सख्ती शुरू की तो वह नेताओं की शरण में चला गया। एक स्थानीय भाजपा नेता की मदद से छह अगस्त को उसके बरातघर में भव्य कार्यक्रम हुआ जिसमें बतौर मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य रूमाना सिद्दीकी शामिल हुईं। उन्होंने ही बरातघर का उद्घाटन किया। बृहस्पतिवार को बरातघर पर बुलडोजर चलने के बाद रूमाना सिद्दीकी के कार्यक्रम के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान भाजपा की प्रदेश स्तरीय एक महिला नेता ने एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल को फोन कर बरातघर ध्वस्त करने की कार्रवाई रोकने को कहा मगर उन्होंने इसे बीडीए की कार्रवाई बताकर पल्ला झाड़ लिया।
जुलाई से अब तक पकड़े गए 29 स्मैक तस्कर
इंस्पेक्टर सुरेंद्र पचौरी ने बताया कि उनके कार्यकाल में 29 स्मैक तस्कर जेल भेजे गए हैं। इनमें नन्हे लंगड़ा, निखिल बिष्ट, आकाश, शंकर, शहनवाज, गुड्डू उर्फ नन्ने, अली मोहम्मद, ट्यूलिया का रिजवान, असलम उर्फ पिंडा, अंसारी मोहल्ला का रिजवान, आसिफ, यासीन खां, सन्नो, कुसुम, अजीम मोहम्मद और कासिम शामिल हैं। ये तस्कर फतेहगंज पश्चिमी से लेकर दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई प्रदेशों में तस्करी की घटनाओं में लिप्त हैं।