Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Election 2022 Live : चंदा अभियान के जरिए लोगों से जुड़ेगी भाजपा, अखिलेश ने इत्र व्यापारी के घर से मिले करोड़ों रुपयों पर कुछ यूं जवाब दिया

समाजवादी  पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आखिरकार कानपुर और कन्नौज में इत्र का कारोबार चलाने वाले पीयूष जैन के घर हुई छापेमारी पर चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने ट्विट कर शायराना अंदाज में भाजपा पर ही निशाना साधा। लिखा, ‘सुबह तलक चीखकर सुना रहे थे कुछ ख़बरनवीस ‘जिसके’ गुनाह की कहानी… ‘उसका’ बादशाह से ताल्लुक़ निकलते ही शाम तलक वो खामोश हो गये…’

पीयूष ने ही समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। सूत्रों के मुताबिक, आईटी रेड में पीयूष के घर से 180 करोड़ रुपए नकदी और एक करोड़ से ज्यादा के जेवरात बरामद हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर चंदा अभियान लॉन्च किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस बारे में सूचना जारी की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर पांच रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक का चंदा जुटाएंगे और आम लोगों से सीधे जुड़ेंगे। ये अभियान पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि यानी 11 फरवरी तक चलेगा।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में हैं। शनिवार सुबह उन्होंने बनारस स्टेशन का निरीक्षण किया। इससे पहले शुक्रवार रात उन्होंने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रेल कॉलोनियों का भ्रमण किया। जहां गंदगी को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने कहा की रेलवे के निजीकरण की कोई बात नहीं है। जो भ्रम फैला रहे हैं उनपर विश्वास मत कीजिए।

उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर झांसी के लोगों ने अपना चुनावी एजेंडा बताया। शनिवार को  चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ यहां पहुंचा। यहां के इलाइट चौराहा के पास आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान यहां के लोगों ने विकास, रोजगार, महंगाई और अपराध के मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान कुछ लोगों ने योगी सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की तो कुछ ने कमियां भी गिनाईं। पढ़िए किसने क्या कहा?

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बटेश्वर पहुंचेंगे। इसके बादब्रह्मलाल जी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद विकसित घाटों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अटलजी की फोटो गैलरी लगाई जाएगी। जिसे मुख्यमंत्री देखेंगे। इसके लिए शुक्रवार को दिनभर तैयारियां चली। मंदिर श्रृंखला के पास के मैदान की सफाई की गई। ब्रह्मलाल जीमंदिर की धुलाई सफाई की गई।

कांग्रेस ने कोरोनाकाल के दौरान गंगा में लाशों के प्रवाह को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ट्विट कर कहा, मां गंगा झूठ नहीं बोलतीं। लाशें भी झूठ नहीं बोलतीं। झूठ सिर्फ वे बोलते हैं जिनका शरीर जिंदा है लेकिन जमीर मर गया है।’

उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने माना कि उत्तर प्रदेश में आवारा पशुओं की बड़ी समस्या है। उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान कहा, ‘ये समस्या है। ग्राम पंचायत स्तर पर इसका हल कर रहे हैं। ये आज की समस्या नहीं है, बल्कि वर्षों पुरानी है। पहले की सरकारें इसका निस्तारण करवाने के लिए गो वंश को कटवा देती थीं। हम गो वंश को बचाने के साथ-साथ किसानों की भी मदद करेंगे। पंचायत स्तर पर गोशाला बनवा रहे हैं।’

केशव मौर्य ने आगे चुनाव के बाद अपने पद को लेकर भी बयान दिया। बोले, ‘मैं भाजपा का आम कार्यकर्ता हूं और भाजपा का कार्यकर्ता कोई इच्छा व्यक्त नहीं करता है। संगठन का आदेश ही हमारे लिए सर्वोपरी होता है। चुनाव के बाद हो सकता है मुझे डिप्टी सीएम ही बनाया जाए या फिर संगठन में कोई दायित्व मिल जाए। जो भी पार्टी का फैसला होगा वो मान्य होगा।’