Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी के शहरों के बाद बदलने लगे शायरों के भी नाम! शिक्षा आयोग की वेबसाइट पर अकबर इलाहाबादी हो गए ‘प्रयागराजी’

प्रयागराज
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद कई शहरों और जिलों के नाम बदले गए। इलाहाबाद उनमें से एक है। योगी सरकार ने इलाहाबाद जिले का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया। शहरों के बाद अब अपने नाम में इलाहाबादी का तखल्लुस लगाने वाले शायरों का नाम भी बदलने की कोशिश की गई है। जाने या अनजाने उत्तर प्रदेश हायर एजुकेशन सर्विस कमिशन की वेबसाइट पर यह काम किया गया है।

सोशल मीडिया पर इससे जुड़े स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं। वायरल तस्वीरें आयोग की वेबसाइट की हैं, जिसमें अकबर इलाहाबाद जैसे नामी शायर का नाम बदलकर अकबर प्रयागराजी किया गया है। इसके अलावा तेग इलाहाबादी और राशिद इलाहाबादी का भी नाम बदलकर प्रयागराजी कर दिया गया। वेबसाइट के अबाउट प्रयागराज वाले कॉलम में ये बदलाव किए गए हैं। इस पेज पर प्रयागराज से जुड़ी तमाम बड़ी राजनैतिक-साहित्यिक हस्तियों का जिक्र किया गया है। नेहरू के अलावा महादेवी वर्मा, सुमित्रानंदन पंत, निराला और बच्चन के नाम भी यहां लिखे गए हैं।

वेबसाइट पर बदला नाम

इलाहाबादी से हुए अकबर प्रयागराजी
उर्दू साहित्य का जिक्र करते हुए नूह नारवी, शबनम नकवी के साथ अकबर इलाहाबादी को अकबर प्रयागराजी लिखा गया है। इसके अलावा तेग प्रयागराजी और राशिद प्रयागराजी नाम से भी शायरों के मूल नाम में बदलाव किए गए हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। हालांकि, इस संबंध में जब आयोग के अध्यक्ष प्रफेसर ईश्वर शरण विश्वकर्मा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

विश्वकर्मा ने कहा कि अगर इस तरह की कोई गलती हुई है तो इसे सुधारा जाएगा। शायरों के नाम में बदलाव गलती से किया गया है या फिर जानबूझकर, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वेबसाइट पर अभी भी यही नाम दिखाई दे रहे हैं।