Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी चुनाव 2022: मैनपुरी में शाक्य मतदाताओं को साधेंगे केशव प्रसाद मौर्य, भोगांव में भी करेंगे जनसंपर्क

मैनपुरी जिले में शाक्य मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा ने उपमुख्यमंत्री केशप प्रसाद मौर्य को कमान सौंपी है। इसी के चलते सोमवार को उपमुख्यमंत्री मैनपुरी आ रहे हैं। वह भोगांव और मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के साथ संवाद करेंगे। साथ ही जनसंपर्क कर भाजपा के लिए वोट की भी अपील करेंगे। कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों में जुट गया है।
मैनपुरी सदर सीट से इस बार जयवीर सिंह को भाजपा ने मैदान में उतारा है तो वहीं भोगांव सीट से रामनरेश अग्रिहोत्री पर एक बार फिर पार्टी ने भरोसा जताया है। भोगांव में सपा ने भी अपने पुराने चेहरे आलोक शाक्य पर दांव खेला है। दरअसल भोगांव विधानसभा में शाक्य मतदाता अधिक हैं। इसीलिए भाजपा ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को शाक्य मतदाताओं को लुभाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।
यहां करेंगे जनसंपर्क अभियान
सोमवार को उपमुख्यमंत्री मैनपुरी आ रहे हैं। वह भोगांव और मैनपुरी में मतदाताओं से संवाद करेंगे। भोगांव के गांव छाछा और मैनपुरी में स्टेशन मार्ग पर घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी सौरभ दुबे ने कार्यकर्ताओं से कोविड-19 नियमों का पालन करने के साथ ही चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

प्रशासन ने भी सुरक्षा की दृष्टि से कमर कस ली है। उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने इसके लिए अधीनस्थों को आदेशित किया है।

ये है कार्यक्रम
– 11.40 बजे-राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आगमन
– 12.00 बजे-भोगांव रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर मतदाता संवाद
– 12.30 बजे-गांव छाछा में घर-घर संपर्क अभियान
– 1.20 बजे-भाजपा के जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता
– 2.00 बजे-राज मैरिज होम में मतदाता संवाद
– 2.30 बजे-स्टेशन रोड पर घर-घर संपर्क अभियान
– 3.10 बजे-पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर से लखनऊ प्रस्थान

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को मैनपुरी आ रहे हैं। वह मैनपुरी और भोगांव में मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने के साथ ही घर-घर जाकर जनसंपर्क भी करेंगे।