Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Agra News: अर्जुन सिंह मेघवाल के मंच पर गिरा लाइट स्टैंड, बाल-बाल बचे केंद्रीय मंत्री, पूर्व प्रधान की मौत

आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्वालियर रोड नगला पदमा में सजी भीमनगरी में शुक्रवार रात हादसा हो गया। तेज आंधी आने से लाइट स्टैंड मंच पर गिर पड़ा, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस दौरान हुआ जब केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल हजारों लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस र्दुघटना में केंद्रीय मंत्री भी बाल-बाल बच गए।

इस हादसे में जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आपदा प्रबंधन के जिला प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किया था जबकि आयोजन स्थल पर केंद्रीय राज्यमंत्री समेत हजारों अनुयाईयों की भीड़ जुटी थी। डॉ. आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में हर साल आगरा में भीमनगरी का आयोजन होता है। इस बार भीमनगरी नगला पदमा में सजी थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल पहुंचे थे। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान वह लोगों को संबोधित कर रहे थे।

इसके कुछ ही समय बाद करीब 9.45 पर तेज आंधी का झटका आया और बिजली चली गई। मंच पर लगा भारी भरकम लाइट स्टैंड गिर पड़ा। लाइट स्टैंड सोफे पर बैठे भीमनगरी कमिटी के कार्यकर्ताओं के ऊपर गिरा था, जिसमें ग्वालियर रोड नगला पदमा के रहने वाले पूर्व प्रधान राजू की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

न ऐंबुलेंस मिली और न घायलों को अस्पताल पहुंचाने का रास्ता
डॉ. आंबेडकर अनुयाईयों के लिए भीमनगरी बड़ा महोत्सव है। इस आयोजन में प्रशासन और पुलिस की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। घायलों को बचाने के लिए लोग बेतहाशा दौड़ भाग कर रहे थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ऐंबुलेंस की तलाश कर रहे थे, लेकिन न तो उन्हें ऐंबुलेंस मिली और न ही बचाव के लिए साधन जबकि मंच पर गिरे स्टैंड के नीचे तमाम लोग दबे रह गए थे। घायलों को बचाने के लिए भीमनगरी कमिटी के लोग जुट गए।

आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। भीमनगरी आयोजन कमिटी के आशीष कुमार प्रिंस का कहना है कि प्रशासन ने ऐंबुलेंस तक भी व्यवस्था नहीं कराई। घायलों को अपने प्राईवेट वाहनों से ही निजी अस्पताल में पहुंचाया गया।

भाषण नहीं दे रहे होते तो घायल हो जाते केंद्रीय राज्यमंत्री
केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल मंच पर भाषण दे रहे थे। मंच के जिस तरफ लाइट का स्टैंड गिरा था। उद्घाटन से पहले वे उसी स्थान पर सोफे पर बैठे थे। भाषण देने के लिए वे मंच के किराने पर लगे एक डायस के पास खड़े थे। हादसे के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री को सुरक्षित दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया।

पूर्व प्रधान की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल
मंच के एक कोने पर लाइट का भारी भरकम स्टैंड उस स्थान पर गिरा जहां सोफे पर आयोजन कमिटी के सदस्य विराजमान थे। इस हादसे में पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश, भीमनगरी कमिटी के अध्यक्ष अजयशील गौतम, महामंत्री धर्मेंद्र सोनी, श्याम जरारी, आशीष कुमार प्रिंस, मलखान सिंह व्यास, सुरेश सेहरा, देवेंद्र सिंह आदि घायल हो गए हैं। सिर में गंभीर चोट आने से पूर्व प्रधान राजू की मौत हो गई है।