Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Yogi Adityanath: पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को जयंती पर किया गया याद, सीएम योगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सोमवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना भवन में स्थापित पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर बहुगुणा की पुत्री और प्रयागराज से भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थीं।

पौड़ी गढ़वाल (अब उत्तराखंड में) में 25 अप्रैल 1919 को पैदा हुए हेमवती नंदन बहुगुणा ने नवंबर 1973 में कांग्रेस शासित सरकार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वह नवंबर 1975 तक इस पद पर रहे। आजादी की लड़ाई में अग्रणी सेनानी रहे बहुगुणा के पुत्र विजय बहुगुणा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जबकि उनकी पुत्री रीता बहुगुणा जोशी उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। रीता राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को हिमालय पुत्र की भी उपाधि दी जाती है।

4 मई को आनी है पूर्व सीएम पर किताब
प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा के राजनीतिक सफर को लेकर एक किताब लिखी है। इस किताब को उन्होंने ‘हेमवती नंदन बहुगुणा: भारतीय जनचेतना के संवाहक’ का नाम दिया गया है। इस किताब का विमोचन 4 मई को होना है। कहा जा रहा है कि इस किताब में कांग्रेस नेता पूर्व पीएम इंदिरा गांधी समेत तमाम नेताओं का जिक्र है। इसको लेकर यह किताब लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। पिछले दिनों कांग्रेस की ओर से इस पर सवाल भी खड़े किए गए। इंदिरा गांधी और संजय गांधी के संबंधों का जिक्र इसमें है।