Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Bareilly Accident : एंबुलेंस और डीसीएम की टक्कर में 7 लोगों की मौत, बरेली में दर्दनाक हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को तड़के एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा फतेहगंज के दिल्ली हाइवे पर हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में मारे गए लोगों पर गहरा शोक जताया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बरेली के फतेहगंज में दिल्ली हाइवे पर एक एंबुलेंस की डीसीएम से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क हादसा की जानकारी मिलते ही हलचल तेज हो गई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति अपना शोक प्रकट किया है। मृतात्माओं की शांति की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।

एंबुलेंस में सवार थे सभी सातों मृतक
एंबुलेंस में मरने वाले सातों मृतक एंबुलेंस में सवार थे। मरने वालों में तीन महिलाओं के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने शवों को मॉर्चरी में भेज दिया गया है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। अभी तक मृतकों के संबंध में कोई विवरण सामने नहीं आ पाया है।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दिल्‍ली हाइवे पर विपरीत दिशाओं से आ रही एंबुलेंस और डीसीएम के बीच आमने-सामने की टक्‍कर हुई। टक्‍कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्‍चे उड़ गए। इस दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार 7 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।