Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Dayashankar Singh Father Passes Away: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के पिता का निधन, बिहार के बक्‍सर में होगा अंतिम संस्‍कार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह (Dayashankar Singh) के पिता विंध्याचल सिंह (91) का शनिवार रात को निधन हो गया। पैर में फ्रैक्चर के चलते 21 जून को उन्हें संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस् थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती करवाया गया था। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए एनके रोड स्थित चौपड़ अस्पताल के परिसर में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार बक्सर के छोटका राजपुर में गंगाघाट पर रविवार को सुबह होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने निधन पर शोक व्यक्त किया है।

यूपी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ‘पिताजी का एसजीपीजीआई में इलाज के दौरान निधन हो गया। आज रात्रि 12 बजे अंतिम संस्कार के लिए बक्सर (बिहार) के छोटका राजपुर में गंगा घाट को प्रस्थान करूंगा।’ सिंह के पिता के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने सिंह के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। स्वतंत्र देव सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।