Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

नेताजी के लिए भाजपा की रही है ऐसी भाषा, शिवपाल की चिट्‌ठी पर अखिलेश का जवाब… केशव मौर्य ने अब कसा तंज

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। साथ ही, राष्ट्रपति चुनाव में ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के मसले पर अखिलेश ने तल्ख स्वर में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिसे जहां जाना है जाए। इस दौरान उन्होंने शिवपाल यादव की चिट्‌ठी पर भी जवाब दिया। दरअसल, शिवपाल यादव ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सपा अध्यक्ष को पत्र लिखा था। शिवपाल ने चिट्‌ठी में मुलायम सिंह यादव को आईएसआई बताने वाले यशवंत सिन्हा को समर्थन दिए जाने पर सवाल खड़ा किया था। यह मामला काफी गरमाया हुआ है।

राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव पर जब इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने भाजपा पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि नेताजी के खिलाफ इस प्रकार की भाषा भारतीय जनता पार्टी बोलती आई है। एक प्रकार से अखिलेश यादव ने शिवपाल की भाषा को भाजपा की भाषा बताकर पूरे मामले को एक नया रूप देने की कोशिश की। अब इस मामले में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर निशाना साधा है।

‘सेकुलर लोगों के खिलाफ भाजपा की ऐसी भाषा’
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का चरित्र है, वह सेकुलर और सोशलिस्टों की लड़ाई लड़ने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करती है। दरअसल, यशवंत सिन्हा का बयान करीब 17 साल पहले आया था। इसकी न्यूज क्लिप आजकल खूब वायरल है। उस समय यशवंत सिन्हा भाजपा के नेता हुआ करते थे। ऐसे में अखिलेश ने बयान देने वाले नेता की जगह पार्टी को घेरा है। उन्होंने किा कि ऐसे काम में यह पार्टी आगे रहती है। उन्होंने कहा कि नेताजी जब लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे थे तो उनके खिलाफ जिस तरह की भाषा इस्‍तेमाल की जाती थी, उसे कोई भी नहीं भुला सकता है।

डिप्टी सीएम ने दिया जवाब
यूपी के डिप्टी सीएम अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने इस संबंध में अखिलेश यादव को जवाब दिया है। शिवपाल यादव को दिए गए जवाब पर केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव के बयान को देखिए तो इससे साफ लगता है कि उन्हें अपने पिताजी के बारे में ऐसी भाषा सुनना पसंद है। हम मानते हैं कि मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर गोली चलवाने का आदेश दिया था। लेकिन, मुलायम आईएसआई का एजेंट नहीं हो सकते।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर आरोप लगा है तो अखिलेश यादव को जवाब देना चाहिए कि वे इसका समर्थन या विरोध करते हैं। अखिलेश यह कहकर बच नहीं सकते कि भाजपा ऐसा आरोप लगाती है।

राजभर पर भी अखिलेश का हमला
राष्ट्रपति चुनाव में सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा जिस दल को जहां जाना है जाए। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। कम से कम देश की अर्थव्‍यवस्‍था की चिंता करने वाले एक राष्‍ट्रपति के चुनाव के लिए यशवंत सिन्‍हा के पक्ष में वोट दे रहे हैं। हमारा मानना है कि वे सरकार को समय-समय पर चेताते रहेंगे। वहीं, केशव मौर्य ने विधायकों से अंतरात्मा की आवाज पर वोटिंग की अपील की।