Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP News: वृंदावन जा रहे श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पलटी, 15 लोग घायल, ट्रक को ओवरटेक करने में हुआ हादसा

हाथरस : कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला गजुआ के पास गुरुवार देर रात ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में श्रद्धालुओं से भरी मैक्स अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां एक महिला की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल के रेफर कर दिया। श्रद्धालु थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गढ़ी दुधारू से वृंदावन परिक्रमा के लिए जा रहे थे।

थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गढ़ी दूधारू निवासी रोहतास, गुड्डी देवी, मधु, आरती, उमेश, बाबूलाल, सावित्री ,कमलेश ,सौदान, राजेश्वरी, अवधेशस, सरोज, दया, लक्ष्मी, चरण सिंह व अन्य लोग मैक्स में सवार होकर वृंदावन परिक्रमा लगाने जा रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला गजुआ पर पहुंचे तो मैक्स ट्रक को ओवरटेक करने लगी। ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में मैक्स अनियंत्रित होकर पलट गई। सड़क हादसे में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर चिखपुकार मच गई। लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मैक्स में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल
जिला अस्पताल में सीओ मनोज कुमार शर्मा व हाथरस गेट एसएचओ गौरव सक्सेना पहुंच गए और सड़क हादसे में घायल लोगों से बातचीत की। एक महिला की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया।
रिपोर्ट – लकी शर्मा