Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Bhadohi Fire: भदोही दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड की ये थी सबसे बड़ी वजह, मृतकों की संख्या हुई पांच, 68 झुलसे

भदोही: भदोही के औराई थाना क्षेत्र के नरथुआं में रविवार को दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग की घटना में मृतकों की संख्या पांच की मौत हो गई। इसमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। घटना में झुलसे 68 लोगों का इलाज चल रहा है। इसमें गंभीर रूप से झुलसे 42 घायलों को वाराणसी रेफर किया गया है। लापरवाही में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बच्चा यादव सहित कई अन्य पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

रविवार की रात करीब नौ बजे पूजा पंडाल में कलाकार झांकी की प्रस्तुति दे रहे थे, उसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग पंडाल में मौजूद थे। इस दौरान अचानक पंडाल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में झुलसी अलका चौबे ने बताया की दस मिनट में पूरा पंडाल जल गया था। लोग अपने कपड़ो से आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे।

पांडाल में फायर सेफ्टी नियमों का नहीं हुआ पालन
प्रशासन के मुताबिक दुर्गा पूजा समितियों के साथ होने वाली बैठको में यह हिदायत दिया जाता है कि आग बुझाने के लिए पंडाल के पीछे सौ दो सौ ड्रम पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही कटे हुए बिजली के तार का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन पंडाल में आग बुझाने का कोई प्रबंध नहीं किया था।

डेकोरेशन में प्लास्टिक मैटेरियल उपयोग से घटना ने लिया बड़ा रूप
जिस पूजा पंडाल में घटना हुई, उसमे एंट्री का सिर्फ एक रास्ता था। करीब 50 फीट के रास्ते को गुफा का स्वरूप दिया गया था और पंडाल को भव्य बनाने के लिए अंदर फॉयल पेपर लगाए गए थे। इस दौरान जब आग लगी तो एक साथ पूरा फॉयल पेपर जलकर लोगों के शरीर पर टपकने लगा, जिससे लोग झुलसने लगे। पंडाल में सिर्फ एक ही रास्ता था और पीछे तालाब था, जिसके कारण बाहर निकलने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में झुलसने के साथ लोग चोटिल भी हुए हैं। घटना में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे प्रभावित हुए हैं। झुलसने वालों में एक वर्ष से 15 वर्ष के 33 बच्चे शामिल हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं भी झुलसी हैं।

एक ही परिवार की तीन लोगों की हुई मौत
घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। इसमें जय देवी और उनके दो नाती नवीन और हर्षवर्धन की मौत हुई है। एक ही परिवार में हुई इस घटना से परिवार में कोहराम और इलाके में मातम छाया है।

सरकारी खर्च से होगा इलाज
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में प्रभावित लोगों के अच्छे इलाज के लिए टीम लगातार चिकित्सा टीम के संपर्क में है। घटना में झुलसे लोगों का सरकारी खर्च से इलाज होगा। इसके साथ ही हम शासन के संपर्क में हैं। मृतकों को मुआवजा और योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास जारी है।

योगी ले रहे पल-पल की रिपोर्ट, जायजा लेने पहुंचे अनिल राजभर
दुर्गा पूजा पांडाल हादसे के पीड़ितों का हाल जानने के लिए योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर भदोही पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने घटनास्थल का भी जायजा लिया। पीड़ितों के आर्थिक मदद को लेकर उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। पल-पल की वो रिपोर्ट ले रहे हैं।
रिपोर्ट – महेश कुमार जायसवाल