Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

रक्षा निर्यात में बड़ी छलांग की तैयारी, अफ्रीका समेत दुनिया के कई देशों को 35 हजार करोड़ का एक्सपोर्ट करेगा भारत

मोदी सरकार में भारत रक्षा अनुसंधान, विकास और निर्यात के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। इसकी झलक डिफेंस एक्‍सपो-2022 में देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार (19 अक्टूबर, 2022) को गुजरात के गांधीनगर में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आयोजित 12वें डिफेंस एक्‍सपो में इंडिया पैवेलियन का उद्घाटन किया। इस एक्सपो में दुनिया के 100 देश रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति का गवाह बन रहे हैं, वहीं भारत रक्षा निर्यात में भी लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार है। अफ्रीका समेत दुनिया के कई देशों को 35,000 करोड़ रुपये तक के हथियार और ड्रोन्स आदि बेचने जा रहा है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार (17 अक्टूबर, 2022) को भारत की रक्षा तैयारियों के बारे में बताया कि भारत जहां डिफेंस एक्‍सपो में स्वदेशी हथियारों, उभरती तकनीकों पर अपनी रिसर्च और स्वार्म ड्रोन्स जैसे उपकरणों की ताकत दुनिया को दिखाएगा, वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मामले में भी भारत ने बड़ी सफलता हासिल की है। अब भारत की कोशिश है कि इन हथियारों और तकनीकों को हिंद महासागर के देशों और अफ्रीकी मुल्कों को निर्यात किया जाए।

अफ्रीकी देशों के अपने समकक्षों से बातचीत में जुटे राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने चालू वित्त वर्ष के छह महीनों में 8,000 करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात दर्ज किया है। हमारा लक्ष्य है कि 2025 तक इस बड़े आंकड़े को हासिल किया जाए। बीते साल भी भारत ने 13,000 करोड़ रुपये की रक्षा सामग्री का निर्यात किया था। रक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार आने के बाद भारत के रक्षा क्षेत्र ने 2014 के बाद से 30,000 करोड़ रुपये का निर्यात किया है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले हम 900 करोड़ रुपये से 1,300 करोड़ रुपये तक रक्षा निर्यात कर पाते थे। लेकिन मोदी सरकार में रक्षा निर्यात में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि निजी और सरकारी क्षेत्र मिलकर काम करेंगे तो आने वाले समय में हमारा निर्यात और तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हम तेजी से डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग में लीडर के तौर पर आगे बढ़ रहे हैं। हम अब आयातक होने की बजाय निर्यातक बनने की दिशा में हैं।